चचेरे भाई ने युवक को मारा चाकू, गिरफ्तार
दुकान पर जाते वक्त हुई वारदात, चाकू बरामद
आरोपी भाई पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। घर से दुकान पर जा रहे सराफ पर चचेरे भाई ने चाकू से हमला कर दिया। लोगों ने आरोपी भाई को दबोच लिया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने चाकू को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया है। अबूबकरनगर निवासी शिवकुमार वर्मा की महाशय गली में सोने-चांदी की दुकान है। शुक्रवार को दिन में करीब नौ बजे शिवकुमार बाइक से दुकान पर जाने के लिए निकला। रास्ते में मौजूद चचेरे भाई राजू वर्मा ने उसे रोक लिया। बाइक रुकते ही शिवकुमार पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने खून को कब्जे में ले लिया। घटना की वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। कोतवाल यादवेंद्र कुमार पाल ने बताया कि मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।