कबाड़ की दुकान में आग लगी
दुकानदार झुलसा हालत गंभीर
सिलिंडर फटने से हुआ धमाका
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर। गहिला चौराहे पर कबाड़ की दुकान में बुधवार की भोर आग लग गई। आग लगने से कबाड़ में पड़ा रसोई गैैस का छोटा सिलेंडर फटने से तेज धमाका हुआ। इस दौरान दुकान में सो रहा दुकानदार बुरी तरह से झुलस गया। आग बुझाने में एक और शख्स झुलस गया है। दुकानदार की हालत गंभीर बनी है। इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में हो रहा है। गहिला चौराहे पर केश्वर यादव उर्फ गुड्डु की कबाड़ की दुकान है। वह रात में दुकान में सो रहे थे। सुबह करीब तीन बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। अचानक आग लगने से वह दुकान में घिर गया। बाइक और कैश बाक्स निकालने के चक्कर में वह बुरी तरह जल गया है दुकानदार को बचाने में गांव के राजाराम यादव भी झुलस गए। आग से गर्म होकर कबाड़ रखे रसोई गैस का छोटे सिलेंडर तेज विस्फोट होने से अफरातफरी मच गई। दुकानदार का काफी नुकसान हुआ है। लोगों के अनुसार आग से काउंटर में रखा 50 हजार रुपया भी जल गया। आग पर गांव के लोगों की मदद से किसी तरह काबू पाया गया। जलकर घायल दुकानदार को सीएसची पहुंचाया गया जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उनका इलाज गोरखपुर में एक निजी अस्पताल में हो रहा है। जहां हालत गंभीर बनी है। घटना की सूचना पर तहसील के कानूनगो रमनजी ने क्षति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नियमानुसार सहायता मिलेगी।