देवरिया। एक विद्यालय के प्रबंधक ने फर्जी खतौनी पेश कर सांसद व विधायक निधि से ढाई लाख का भुगतान करा लिया। गांव के एक व्यक्ति की शिकायत पर मामला 14 साल बाद उजागर हुआ है। पीडी ने आरोपी प्रबंधक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया है। मामला खामपार थानाक्षेत्र के लघु माध्यमिक विद्यालय बंगरा बाजार का है। विद्यालय प्रबंधक धर्मदेव यादव ने वित्तीय वर्ष 2004-05 में विधायक निधि से दो किस्त में डेढ़ लाख रुपये भवन निर्माण के आवंटित कराया। वहीं दूसरी वित्तीय वर्ष में उन्हें सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से एक लाख रुपये आवंटित किए गए। गांव के राघवेंद्र प्रताप सिंह ने भवन निर्माण के लिए ग्राम्य विकास अभिकरण को दी गई खतौनी को फर्जी बताते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी। पीडी की ओर से कराए गए जांच में खतौनी गलत साबित हुई। परियोजना निदेशक महेश नारायण पांडेय ने बताया कि संबंधित विद्यालय प्रबंधक के विरुद्ध जालसाजी का मामला दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है। भवन निर्माण के लिए दी गई धनराशि वसूली के लिए आरसी भी जारी की गई है।