देवरिया। तहसील बार के पूर्व अध्यक्ष और उनके बेटे को कोर्ट ने फरार घोषित किया है। इसका नोटिस पुलिस ने आरोपी के घर चस्पा कर दिया है। आरोपी पिता-पुत्र कई मुकदमों में वांछित हैं। संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम से मिलने गए वकीलों का एसपी से तकरार हो गई थी। इस मामले में एसपी ने तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नर्वदा चौहान और कन्हैया मिश्र पर केस दर्ज कराया। इसको लेकर वकील सड़क पर उतर गए थे। इसी बीच नर्वदा के बेटे सत्यम चौहान पर पुलिस ने एक मामले में केस दर्ज किया। इसको लेकर देवरिया में कई दिनों तक वकील और पुलिस आमने-सामने रहे। डीएम सुजीत कुमार के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। दर्ज मुकदमों में कोर्ट ने फरार घोषित करते हुए नोटिस जारी किया है। इस बाबत कोतवाल सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि फरारी का नोटिस आरोपी वकील के आवास पर चस्पा कर दिया गया है। तय वक्त में हाजिर नहीं होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।