देवरिया। सोशल मीडिया पर आगे रहने की होड़ में मानवीय संवेदनाएं और इंसानियत पीछे छूटती जा रही हैं। इसका जीता-जागता उदाहरण बुधवार को कसया ओवरब्रिज पर देखने को मिला। सड़क हादसे का शिकार युवक एक-एक सांस को तरस रहा था और मौके पर जुटे लोग उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय उसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल करने में जुटे थे।
युवक इलाज के अभाव में 20 मिनट तक तड़पता रहा। कुछ देर बाद वहां पहुंचे बाइक सवार दो युवकों ने लाइव वीडियो बनाने वालों और तमाशबीन बने लोगों को फटकारा और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। सिंधी मिल कॉलोनी निवासी विनीत बरनवाल बुधवार सुबह नौ बजे कोचिंग पढ़ने बाइक से निकला। अभी वह कसया ओवरब्रिज पर पहुंचा था कि सामने से आ रहे चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विनीत घायल हो गया और सड़क पर तड़पने लगा। दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। लोग घायल को अस्पताल पहुंचाने की बजाय मोबाइल में हादसे का वीडियो बनाने लगे। 20 मिनट बाद बाइक सवार दो युवक पहुंचे और तमाशबीनों को खरी-खोटी सुनाते हुए बाइक से विनीत को जिला अस्पताल ले गए। सिर और पैर में गंभीर चोट के कारण डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हेलमेट नहीं होने के कारण विनीत के माथे की हड्डी फ्रैक्चर हो गई।