- प्रशिक्षण बंद होने से खिलाड़ियों को अभ्यास में हो रही परेशानी
- खेल में कॅरियर बनाने के इच्छुक खिलाड़ी हर रोज कार्यालय आकर कर रहे पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर को बंद कर दिया गया है। इससे इस सत्र में पंजीकरण करा चुके 84 खिलाड़ी नए प्रशिक्षक के आने का इंतजार कर रहे हैं। उधर, खेल निदेशालय की ओर से नए प्रशिक्षक के लिए अभी तक कोई पहल नहीं की गई है। इससे यहां के खिलाड़ियों का रोज का अभ्यास प्रभावित हो रहा है। इधर, खेल कार्यालय में हर आने वाला खिलाड़ी क्रिकेट शिविर कब शुरू होगा, इस बारे में पूछताछ कर रहा है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने से वह निराश लौट जा रहा है।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में सत्र 2023-24 की शुरुआत में ही 84 खिलाड़ियों का पंजीकरण कर लिया गया और इनसे पूरे वर्ष भर की फीस के रूप में प्रति खिलाड़ी 160 रुपये भी ले लिया गया। अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में यहां के प्रशिक्षक रहे पवन कुमार को एक शिकायत के आधार पर क्रीड़ाधिकारी की जांच रिपोर्ट के बाद खेल निदेशालय ने निलंबित कर दिया। ऐसे में पंजीकरण करा चुके खिलाड़ी अब बिना प्रशिक्षक के ही अभ्यास करने को विवश हैं। भुजौली में देवरिया क्रिकेट क्लब एकेडमी चलाने वाले नीरज वाजपेयी ने बताया कि क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का न होना खिलाड़ियों के लिए नुकसानदायक है। पंजीकरण शुल्क लेने के बाद प्रशिक्षक की व्यवस्था की जानी चाहिए।
...स्पीकअप
क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर बंद होने नुकसान केवल और केवल खिलाड़ियों का हो रहा है। खेल निदेशालय को जल्द से जल्द यहां प्रशिक्षक देना चाहिए।
...संजीव यादव, खिलाड़ी
-
24 अप्रैल से ही प्रशिक्षण बंद चल रहा है। यह स्थिति प्रतिदिन अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों के लिए अच्छी नहीं है।
.... उत्सव पांडेय
क्रिकेट छात्रावास को मिलने वाले हैं नए खिलाड़ी, दो माह से प्रशिक्षण हैं बंद
स्टेडियम के क्रिकेट छात्रावास में आवंटित 25 खिलाड़ियों का प्रशिक्षण नौ फरवरी के बाद से ही बंद चल रहा है। यहां पूर्व प्रशिक्षक रहे अब्दुल अहद का एक प्रशिक्षु से मालिश कराने का वीडियो वायरल होने के बाद खेल निदेशालय ने उन्हें निलंबित कर दिया गया था। उनके जाने के बाद यहां प्रशिक्षक का पद खाली है। यहां क्रिकेट के लिए 25 सीटें निर्धारित हैं। इसमें वार्षिक मूल्यांकन के बाद नौ खिलाड़ियों को निष्कासित कर दिया गया था। नए सत्र में क्रिकेट में नौ नए खिलाड़ी इस माह के अंत तक आ जाएंगे, सवाल यह है कि यह बिना प्रशिक्षक के सीखेंगे किससे।
क्रिकेट में पंजीकरण करा चुके खिलाड़ियों की दिक्कतों को देखते हुए खेल निदेशालय से प्रशिक्षक की मांग की गई थी। वहां से गाजीपुर के सौरभ राय को प्रशिक्षक तैनात किए जाने की सूचना खेल कार्यालय को शुक्रवार की शाम मेल के जरिए मिली है। एक सप्ताह बाद उनके ज्वाइन करने की उम्मीद है।
.....रवि कुमार शर्मा, प्रभारी क्रीड़ाधिकारी