रुद्रपुर-गौरीबाजार मार्ग पर हुआ हादसा
सवांद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। सड़क हादसे में देर रात बाइक सवार एक हलवाई की चारपहिया वाहन की टक्कर से मौत हो गई। अनियंत्रित वाहन ने एक साइकिल सवार को भी घायल कर दिया। घटना बुधवार की रात करीब 8 बजे रुद्रपुर-गौरी बाजार मार्ग पर छपौली गांव के पास हुई।
लुअठही गांव के रहने वाले राकेश निषाद (30) विदेश में रहकर कमाई करते थे। छह माह पहले उनकी शादी हुई थी। इसके बाद वह घर पर रहकर हलवाई का काम करते थे। बुधवार की शाम रुद्रपुर कस्बे में वह किसी काम से गए थे। रात करीब 8 बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच छपौली गांव के पास सामने से आ रहे एक चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अनियंत्रित चारपहिया वाहन ने एक साइकिल सवार लक्ष्मीपुर गांव निवासी हेमंत कुमार (30) को भी घायल कर दिया। मौत की खबर सुनकर परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां घरवालों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। छह माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। गर्भवती पत्नी, पति के शव को देखकर बेजार होकर रोने लगी। पत्नी करिश्मा और मां रंभा की चीत्कार सुन लोगों की आंखें भर आईं।