- मनरेगा कार्य में शिथिलता करने वाले सचिव और अन्य कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई
-तीन दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत नहीं शुरू कराया जा सका है मिट्टी निर्माण का कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। ब्लॉक क्षेत्र के 16 रोजगार सेवकों की संविदा समाप्त होगी। इसके लिए खंड विकास अधिकारी ने सचिवों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इसको लेकर रोजगार सेवकों में हड़कंप मच गया है। इसका कारण वित्तीय वर्ष का एक माह खत्म होने के बाद भी अब तक तीन दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत मिट्टी का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जा सका है।
इसके चलते जॉब कार्ड धारकों को मजदूरी नहीं मिल रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को खंड विकास अधिकारी ने बैठक कर सचिव और रोजगार सेवकों को फटकार लगाई। कहा कि एक सप्ताह के अंदर हर ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत मिट्टी कार्य शुरू नहीं कराया गया तो लापरवाह रोजगार सेवकों की संविदा समाप्त कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
खंड विकास अधिकारी आनंद प्रकाश ने ब्लॉक सभागार में ग्राम पंचायत सचिव व रोजगार सेवकों के साथ बैठक की।
इसमें ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बडहरा, तिलौली, विराजभार, औरंगाबाद, कस्बा सलेमपुर, बंजरिया, पकड़ी लाला, हरैया, पड़री झिल्लीपार, भरौली नंबर एक, चौथिया, नादघाट, विंदवलिया, हड़हुआ उर्फ औरंगाबाद, बनकटा दीक्षित, धनपुरवा, डोलछपरा, गौरी ठाकुर, गोपालपुर, हिछौरा लाला, उरदौली, दिघड़ा सुमाली, चेरो, जमुआ नंबर दो, परसिया बंसी, मनिहारी, चकबंदी उर्फ बिगही, प्रानछपरा, पुरादाखिला, सहला, बरडीहा दलपत, देवरिया उर्फ शामपुर, पड़री तिवारी, जमुई, कोड़रा ठाकुर, जमुआ में इस वित्तीय वर्ष के एक माह बीत जाने के बावजूद आज तक मनरेगा के तहत निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जा सका है, जिसके चलते यहां के जॉब कार्ड धारकों को मजदूरी नहीं मिल पा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी ने संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव व रोजगार सेवकों को फटकार लगाते हुए कहा कि अगर एक सप्ताह के अंदर सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत निर्माण कार्य शुरू नही कराया गया तो सचिवों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं लापरवाही बरतने वाले रोजगार सेवक धर्मजीत, शैलेश सिंह, राजेश कुशवाहा, अमरेंद्र सिंह, सुमन कुमारी, कमल मिश्र, शशि भूषण, पिंकी, जय राम प्रसाद, अरविंद कुमार, विवेकानंद चौहान, प्रमोद गुप्ता, रंजीत कुशवाहा, राजेश चौहान व सोनी चौहान की तत्काल प्रभाव से संविदा समाप्त करने के लिए सचिव को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
आदेश जारी होते ही रोजगार सेवकों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रोजगार सेवक अपने अपने ग्राम पंचायत में निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए मजदूरों से बात करने में जुट गए। खंड विकास अधिकारी आनंद प्रकाश ने कहा कि वित्तीय वर्ष का एक माह बीत जाने के बावजूद अधिकांश ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत अभी कार्य शुरू नहीं कराया जा सकता है। इसको लेकर सभी सचिवों को चेतावनी दी गई है। अगर एक सप्ताह के अंदर निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जाता है, तो सचिव तथा ग्राम पंचायत के रोजगार सेवकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी