देवरिया। जिला कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रविवार को एक दिवसीय उपवास रखा और “मनरेगा बचाओ संग्राम” राष्ट्रव्यापी अभियान का जिला मुख्यालय से शुभारंभ किया। कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा में किए गए बदलावों को मजदूर और पंचायत विरोधी बताते हुए केंद्र सरकार पर योजना को कमजोर करने का आरोप लगाया। सभा को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व निर्वतमान उपाध्यक्ष केशव चंद्र यादव ने कहा कि यूपीए सरकार ने ग्रामीण गरीबों को भुखमरी और पलायन से बचाने के लिए मनरेगा जैसी रोजगार गारंटी योजना लागू की थी, जो ग्रामीण मजदूरों के लिए जीवनरेखा बनी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने रोजगार की गारंटी और बेरोजगारी भत्ते का प्रावधान खत्म कर योजना को निष्प्रभावी बना दिया है। जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि सरकार ग्राम पंचायतों को दरकिनार कर ठेकेदारों के जरिए काम कराने की तैयारी में है, जिससे काम का अधिकार छीना जा रहा है। कांग्रेस की मांग है कि मनरेगा में किए गए सभी बदलाव तत्काल वापस हों और काम व मजदूरी की संवैधानिक गारंटी बहाल की जाए। संवाद