प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 11 से 18 जून के बीच विधानसभा वार आयोजित होंगे कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कांग्रेस जिले में पार्टी के लिए बेहतर मतदान करने पर जनता के लिए धन्यवाद कार्यक्रम 11 से 18 जून तक विधानसभा क्षेत्र वार आयोजित करेगी। ये बातें नगर के टाउन हॉल स्थित कार्यालय में सोमवार को जिलाध्यक्ष रामजी गिरि ने कहीं।
उन्होंने कहा कि बरहज व रुद्रपुर में 14 जून, देवरिया व रामपुर कारखाना में 17 जून, पथरदेवा में 18 जून को कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के पदाधिकारी व कांग्रेस के लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह व पूर्व मंत्री सदल प्रसाद भी शामिल होंगे।
कहा कि देश की जनता ने जिस आशा और विश्वास से कांग्रेस को समर्थन दिया है कांग्रेस उसका सदैव ऋणी रहेगी और जन समस्याओं को लेकर जनहित में संघर्ष करती रहेगी। जनता महंगाई, बेरोजगारी व बढ़ते अपराध से परेशान है। इन सभी समस्याओं से निजात दिलाने का काम पूरे देश में कांग्रेस करेगी। कहा कि जनपद के ग्रामीण क्षेत्र की अधिकांश सड़कें गड्ढे में तब्दील हो गई हैं। भाजपा सत्ता पाने के बाद इन सभी समस्याओं की तरफ ध्यान नहीं देती है। जिसके कारण आमजन को कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इस दौरान कार्यक्रम के दौरान जिला उपाध्यक्ष आनंद देव गिरि चुन्नू, सच्चिदानंद मिश्र, मनोज मणि, धर्मेन्द्र कुमार पांडेय, अरविंद सिंह, शिवशंकर सिंह आदि मौजूद रहे।