मामलों के निस्तारण में हीलाहवाली करने वालों पर होगी कार्रवाई : डीएम
पुकार लगाने के बाद देर से पहुंचे हलका लेखपाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें डीएम अखंड प्रताप सिंह और एसपी डॉ. संकल्प शर्मा ने लोगों की फरियाद सुनी। दिवस में कपरवार गांव निवासी और वृद्ध अनिरुद्ध तिवारी ने हाथ जोड़कर डीएम से गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने उनका हाथ पकड़ लिया और कहा दादा! हाथ मत जोड़िए, जरूर न्याय मिलेगा। शिकायत सुनने और पुकार के बाद भी हलका लेखपाल देर से पहुंचे। डीएम ने लेखपाल से मामले का न्याय संगत निस्तारण करने काे कहा।
एसडीएम योगेश कुमार की अध्यक्षता में दिवस की कार्रवाई शुरू की गई। झमाझम बारिश से बेपरवाह फरियादियों का रेला लगा रहा। दिवस में कपरवार के ज्ञानेश्वर सिंह कृषि भवन और सार्वजनिक जगहों पर गंदगी का अंबार लगने, भलुअनी के रामप्रताप अवैध कब्जा खाली कराने, घेवड़ा की राबड़ी देवी मारने-पीटने, बरेंजी के रामदरश अवरुद्ध रास्ता खोलवाने, भागलपुर के उदय प्रताप खतौनी में नाम दर्ज कराने, खेरियां की सुभावती देवी अतिक्रमण खाली कराने और नवापार की रंभा देवी कब्जा दखल दिलाने आदि की शिकायत किया। दिवस में राजस्व के 27, पुलिस 10, विकास तीन, आपूर्ति चार सहित 44 मामले आए। जिसमें आपूर्ति और राजस्व के दो-दो मामलों का निस्तारण कर दिया गया। डीएम ने लंबित मामलों के निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि जो हो सके उसे तुरंत निपटाएं, बिगाड़ें मत, निर्णय का अनुपालन कराया जाए। जरूरत पड़ने पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने आगामी दिवस में ऐसे मामलों की संख्या में कमी लाने की हिदायत दिया। मौके पर सूचनाधिकारी शातनु कुमार, नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह, रवींद्र मौर्य, सीएमओ, एक्सईएन नरेंद्र जाडिया, अशोक द्विवेदी, ईओ चंद्रकृष्ण पांडेय, बीडीओ चंद्रभूषण यादव, एसडीओ राेहित पांडेय, इंस्पेक्टर कपिल देव चौधरी, संदीप सिंह, राधेश्याम, राजीव, रामप्रताप आदि मौजूद रहे।
इंसेट में-
साहब! बिजली बिल भुगतान के लिए नहीं हैं रुपये, कटवा दीजिए कनेक्शन
बरहज। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की कार्रवाई के दौरान करमटार गंगा निवासी सावित्री देवी पत्नी किताब ने गुहार लगाई। उनका कहना था कि साहब! बिजली बिल के भुगतान के लिए रुपये नहीं हैं। कनेक्शन कटवा दीजिए। जिलाधिकारी ने महिला के विद्युत बिल की पड़ताल कराई। मामूली बिल होने और मजबूरी समझ उन्होंने संबंधितों को तत्काल वृद्धा पेंशन बनवाने का निर्देश दिया। जिससे महिला अपना बिल जमा कर सकें। न्याय मिलने पर महिला अधिकारियों को आशीर्वाद देते नहीं थक रही थीं। वहीं कटियारी के जयप्रकाश तिवारी ने प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई। पत्रक में उन्होंने कहा है कि पत्नी सुभावती देवी की कैंसर की बीमारी से मौत हो गई है। जिनका छह जुलाई को ब्रह्मभोज है। गांव के कुछ लोगों द्वारा सरकारी खड़ंजा उजाड़ दिया गया है। जिससे बारिश होने पर दरवाजे पर घुटने भर पानी लगा हुआ है। डीएम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए डीपीआरओ को रास्ता निस्तारण कराने को कहा।
इंसेट में-
रेडक्राॅस सोसायटी की ओर से पीड़ित परिवारों को दी गई राहत सामग्री
बरहज। संपूर्ण समाधान दिवस पर तहसील परिसर में रेडक्राॅस साेसायटी की ओर से स्टाॅल लगाया गया था। दिवस के बाद डीएम अखंड प्रताप सिंह और एसपी डॉ. संकल्प शर्मा की ओर से गौरा-कटइलवा के पांच अग्निपीड़ितों को किचेन सेट, तिरपाल आदि राहत सामग्री दिया गया। एक सप्ताह पूर्व शॉर्ट सर्किट से झोपड़ी में आग लग गई थी। जिसमें सभी भाइयों का सारा सामान जल गया था। जबकि मवेशी भी झुलस गए थे। दूसरी ओर सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. अजय पाल को सम्मानित किया गया। मौके पर मंडल को-ऑर्डिनेटर अजय प्रताप सिंह, नागेंद्र सिंह, डीपीओ कृष्णकांत राय, हिमांशु सिंह, सुमित कुमार मिश्र, विशाल गुप्त, विवेक प्रताप सिंह, संतोष यादव, सत्यम यादव, ज्ञानेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।