फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाढ़ से निपटने की पूरी कर लें तैयारी: डीएम

Thu, 27 Apr 2023 11:51 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
बाढ़ स्टेयरिंग कमेटी की कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में कहा-जनपद के सभी प्रमुख नालों की हो सफाई
विज्ञापन

- संबंधित विभाग तैयार कर लें माइक्रोप्लान
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बाढ़ स्टेयरिंग कमेटी की बैठक बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में हुई। इसमें मानसून को देखते हुए बाढ़ से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि बाढ़ से निपटने की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाए। इसमें किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि रुद्रपुर तहसील के 52 गांव और बरहज के 14 गांव बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित किए गए हैं। बाढ़ से सुरक्षा के लिए इन नदियों के किनारे 40 तटबंध निर्मित हैं। राप्ती और गोर्रा नदियों के प्रमुख बंधों की समय से मरम्मत कर ली जाए। वित्तीय वर्ष 2023-24 में 14 नई परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। डीएम ने सभी परियोजनाओं को 30 जून से पहले पूर्ण करने का निर्देश दिया। बाढ़ चौकियों को तीन श्रेणी में विभाजित लिया जाए और वहां पिछले वर्षों के विस्थापितों की संख्या के आधार पर शौचालय, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करा ली जाएं। नाव मालिकों, नाविकों और गोताखोरों की सूची तैयार कर ली जाए। बाढ़ के दौरान पेयजल की समस्या के समाधान के लिए समय रहते इलाके के इंडिया मार्का हैंडपंप के प्लेटफार्म को ऊंचा किया जाए। पशुपालन विभाग पशुओं के लिए टीका, दवा एवं चारे की व्यवस्था करे। रुद्रपुर तहसील में 15 गांव नदी और बंधे के बीच में हैं। इन पर विशेष ध्यान दिया जाए। बाढ़ प्रबंधन से जुड़े सभी संसाधन एवं संपर्क नंबर के फ्लेक्सी बैनर पंचायत घर एवं स्कूलों में लगाए जाएं।
विज्ञापन

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रमुख नालों की सफाई करा ली जाए, जिससे बारिश का पानी आसानी से निकल जाए। उन्होंने सीएमओ डॉ. राजेश झा को एंटी स्नेक वेनम सहित विभिन्न जरूरी दवाओं की उपलब्धता करने का निर्देश दिया। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को माइक्रोप्लान तैयार करने का निर्देश दिया। कहा कि पिछले वर्ष के अनुभव के आधार पर बाढ़ के दौरान जिन-जिन समस्याओं से लोगों को रूबरू होना पड़ता है, उनकी लिस्टिंग करके अभी से तैयारी शुरू की जाए, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति में जनता को कम असुविधा हो।
विज्ञापन

इस दौरान सीडीओ रवींद्र कुमार, सीएमओ डॉ राजेश झा, डीएफओ जगदीश आर, एडीएम वित्त एवं राजस्व नागेंद्र कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, एएसपी डॉ. राजेश सोनकर, एसडीएम ध्रुव कुमार शुक्ला, एसडीएम योगेश कुमार गौड़, अधिशासी अभियंता बाढ़ एनके जाडिया सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें