- इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर कई नंबरों से भेज रहा फोटो और अश्लील मैसेज
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक बीए चौथे सेमेस्टर की छात्रा को धोखा देकर उसके प्रेमी ने कई बार शारीरिक संबंध बनाया और अब सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो और मैसेज वायरल कर रहा है। इतना ही नहीं छात्रा के मोबाइल फोन पर कई अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप्प पर मैसेज कर उससे सौदेबाजी करने की धमकी भी दी जा रही है। ऐसा नहीं करने पर अंजाम भुगतने की बात छात्रा और उसकी मां से कही जा रही है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती बरहज थाना क्षेत्र के एक डिग्री कॉलेज में बीए चौथे सेमेस्टर की छात्रा है। गांव का एक युवक ने छात्रा को तकरीबन पांच साल पहले अपने प्रेम के जाल में फंसा लिया। फिर छात्रा से धोखेबाजी कर डरा-धमकाकर उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसी बीच का कुछ अश्लील वीडियो क्लिप भी बना लिया है।
छात्रा का कहना है कि नाबालिग होने से हमेशा युवक झांसे में लेकर डरा-धमकाकर गलत काम कर लेता था। इसके बाद युवक ने पढ़ाई छोड़ने और घरवालों की बात न मानकर अपनी बात मनवाने की जोर-जबरदस्ती करने लगा। फिर मैंने उससे दूरी बना ली। इसके बाद भी वह नहीं मान रहा है। इन दिनों कई मोबाइल फोन के नंबरों से अश्लील मैसेज और मेरा फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।
उधर, छात्रा ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। मां और छात्रा लगातार अश्लील मैसेज आने से बहुत परेशान हैं। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई होगी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि छात्रा थाने पर तहरीर दी है तो केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई होगी।