मुआवजा नहीं मिलने के कारण ठप पड़ा मकान तोड़ने का काम। संवाद
देवरिया/चनुकी/बरहज। रामजानकी मार्ग के निर्माण में मुआवजे का ब्रेकर लग गया है। लार रोड से मेहरौना तक बन रहे फोरलेन सड़क के किनारे के आधा दर्जन मकान मालिकों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। वहीं बरहज में कपरवार चौराहे के आसपास दो दर्जन मकानों का मुआवजा अभी नहीं मिला है। जिनको मुआवजा नहीं मिला है उनका कहना है जबतक मुआवजा नहीं मिल जाता वह मकान नहीं तोड़ेंगे। कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को रोड बनाने में दिक्कतें आ रही है, जो मकान नहीं टूटे हैं उनके अगल-बगल के मकान जिनका भुगतान हो गया है वह अपना मकान तोड़ लिए हैं। वहां पर रोड की खुदाई कर दी गई है। रामजानकी मार्ग पर भारत श्रृंखला माला के तहत चौड़ीकरण का कार्य तेज गति से हो रहा है। मुआवजे का 80 प्रतिशत से ऊपर भुगतान होने के बाद कार्य शुरू हो गया था। अब तक करीब 87 प्रतिशत मुआवजा प्रभावितों के खाते में पहुंच चुका है। मार्ग में आने वाली जमीनों के अधिग्रहण के पश्चात जमीनों को समतल किया जा रहा है। साथ ही चौड़करण के रास्ते में आने वाले पोलों को शिफ्ट किया जा चुका है। पेड़ और उनकी जड़ों को पहले ही हटाया जा चुका है।