संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीबाजार। रुद्रपुर मार्ग पर इंदूपुर काली मंदिर के पास तेज रफ्तार बाइक सवार युवकों ने साइकिल सवार एक बुजुर्ग को ठोकर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटना में बाइक सवार भी घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें सीएचसी गौरी बाजार लाया गया, जहां गंभीर स्थिति देख डॉक्टर ने मेडिकल कालेज देवरिया रेफर कर दिया।
रुद्रपुर कोतवाली के रामलक्षन निवासी किशन यादव (18) पुत्र बबलू, प्रिंस यादव (17) पुत्र सुनील व मोहित शुक्ला (19) पुत्र अवनीश एक ही बाइक से शनिवार की शाम इंदूपुर की तरफ आ रहे थे। अभी वे रुद्रपुर-गौरीबाजार मार्ग पर इंदूपुर काली माता मंदिर गेट पर पहुंचे थे कि साइकिल से जा रहे गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लेहड़ा गांव निवासी रामनरेश पटेल (60) पुत्र जोखन को ठोकर मार दिए, जिससे साइकिल सवार बुजुर्ग गिर गए। इनके सिर में गंभीर चोट आई। वहीं बाइक सवार तीनों युवक भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीबाजार पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद रामनरेश, किशन व प्रिंस की गंभीर स्थिति देख चिकित्सक ने मेडिकल कालेज देवरिया रेफर कर दिया। जहां बुजुर्ग की हालत नाजुक बताई जा रही है।