तीनों खेलों में संसाधन होने के बावजूद खेल निदेशालय इस बार भी नहीं दे पाया प्रशिक्षक
प्रशिक्षण नहीं चलने से खिलाड़ियों का हो रहा नुकसान, बेहतर खिलाड़ी बनने के सपने पर आ रहा संकट
...फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। स्पोर्ट्स स्टेडियम में संसाधन होने के बावजूद कबड्डी, बैडमिंटन व बास्केटबाल के खिलाड़ियों को अभ्यास का मौका नहीं मिल रहा है। नए सत्र में भी इन तीनों शिविर के संचालित करने की अनुमति नहीं मिलने से इन खेलों के खिलाड़ियों का सर्वाधिक नुकसान हो रहा है। ऐसे में इनके प्रशिक्षक की देखरेख में खेल सीखकर बड़ा खिलाड़ी बनने के अरमान टूट रहे हैं।
नए सत्र में स्पोर्ट्स स्टेडियम में आठ खेलों के प्रशिक्षण के संचालन को अनुमति मिली है। इसमें एथलेटिक्स के लिए पूजा सिंह, ताइक्वांडो में गिरीश सिंह, हॉकी में शकील अहमद, क्रिकेट में अवधेश यादव, खो-खो में शालिनी शर्मा, फुटबाल में विजय कुमार पाल, वाॅलीबाल में लालू सिंह यादव, हैंडबाल में दिवाकर मणि त्रिपाठी को तैनात किया गया है। जिला खेल कार्यालय के ही अधीन भाटपाररानी स्थित स्टेडियम में एथलेटिक्स के लिए विश्वजीत यादव को प्रशिक्षक बनाया गया है।
खिलाड़ियों को उम्मीद थी कि इस बार स्टेडियम में कबड्डी, बास्केटबाल और बैडमिंटन के भी प्रशिक्षक दिए जाएंगे, क्योंकि इनके प्रशिक्षक नहीं होने से यहां के खिलाड़ी या तो बाहर चले जाते हैं या बिना प्रशिक्षक के ही खेलने को मजबूर हैं। ऐसे में उनके बेहतर खिलाड़ी बनकर निखरने की संभावना कम हो जाती है।
यह हाल तब है जब रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में 256 सेट का कबड्डी मैट, बास्केटबाल कोर्ट और दो कोर्ट वाला बैडमिंटन हाॅल भी मौजूद है। नए सत्र में इन तीनों खेलों के प्रशिक्षक नहीं मिलने से इन खेलों का प्रशिक्षण नहीं शुरू हो पाया है। इससे संबंधित खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित हो रहा है।
स्पीकअप
कबड्डी के खिलाडि़यों की संख्या अधिक है। प्रशिक्षक होते तो इन खिलाड़ियों को और बेहतर होने का मौका मिलता। इस बार उम्मीद थी कि प्रशिक्षक मिलेगा क्योंकि यहां ग्राउंड के साथ ही कबड्डी मैट भी अब उपलब्ध हो गया है।
-शिखा पाठक, कबड्डी खिलाड़ी
सभी खिलाड़ियों को उम्मीद थी कि इस बार कबड्डी, बास्केटबाल व बैडमिंटन में प्रशिक्षक मिलेगा। पता नहीं क्यों पिछले कई सालों से कबड्डी के खिलाड़ियों की पर्याप्त संख्या के बावजूद यहां इनकी तैनाती क्यों नहीं की जा रही है। इसका सबसे बड़ा नुकसान कबड्डी खिलाड़ियों को उठाना पड़ रहा है। ट्रायल के दौरान अधिक संख्या में खिलाड़ी भी आते हैं, लेकिन जिम्मेदारों को यह नहीं दिखता।
-वंदना शर्मा, कबड्डी खिलाड़ी
स्पोर्ट्स स्टेडियम में अभी आठ खेलों के प्रशिक्षण की अनुमति दी गई है। बास्केटबाल कोर्ट व बैडमिंटन हाॅल का मरम्मत कार्य जल्द ही शुरू होने वाला है। कबड्डी के लिए मैट उपलब्ध है। उपलब्ध संसाधनों के बारे में हर सत्र में खेल निदेशालय को सूचना भेजी जाती है। प्रशिक्षक की तैनाती की भी यहां मांग की गई है।
-राजनारायण प्रसाद, क्रीड़ाधिकारी