हमारी सरकार में घर-घर पहुंच रहीं योजनाएं
योगी ने कहा कि पहले की सरकारों में कोई सोच सकता था कि देवरिया में मेडिकल कॉलेज बनेगा, लेकिन हमने कर दिखाया है। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के लिए मॉडल बना है। विकास की योजनाएं घर-घर और गरीब तक पहुंच रही हैं। युवाओं को टेबलेट और स्मार्ट फोन देकर हम उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बना रहे हैं। हमारी सरकार ने इंसेफेलाइटिस जैसे रोग पर काबू करने का काम किया है। पहले की सरकारों में इस बीमारी से असंख्य बच्चे काल के गाल में समा जाते थे, लेकिन आज देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर में इस बीमारी से अब कोई मौत नहीं होती है न ही इसके रोगी सामने आते हैं।
डबल इंजन की सरकार में मिल रहा डबल राशन
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश में गरीबों को डबल राशन दे रही है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुव्यवस्थित और सुसंगठित शासन का नतीजा है। वहीं, दूसरी ओर पाकिस्तान में रोटी के लिए हाय-तौबा मची हुई है। वहां रोटी के लाले पड़े हुए हैं।
पिछली सरकारों ने औने-पौने दामों में बेंच दी चीनी मिलें
पिछली सरकारों ने प्रदेश की 22 चीनी मिलों को औने-पौने दाम पर बेंच दिया था। एक चीनी मिल एक सरकार ने चार करोड़ में बेंची थी। जबकि केवल स्क्रैप ही उस चीनी मिल का बिकता तो 25 से 30 करोड़ में। उस समय उस चीनी मिल की जमीन की कीमत डेढ़ सौ करोड़ रुपये थी, लेकिन पिछली सरकारों में डकैती डालने का काम होता था। हमने फिर से चीनी मिलों को चालू कराने का संकल्प लिया है। कई चीनी मिलों को हमने शुरू भी कराया है।
सीएम ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को भलुअनी विकास खंड के बरोर धनौती गांव में स्व. मरजादी देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। मंत्रोच्चार के बीच स्कूल की बच्चियों से फीता भी कटवाया। स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंंने संकटमोचन हनुमान मंदिर में दर्शन पूजन कर पौधरोपण भी किया।