200 से अधिक छात्र संख्या और 1300 वर्ग मीटर परिसर
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। परिषदीय स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ ही अच्छी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सीएम अभ्युदय कंपोजिट स्कूल खुलने हैं। इसके लिए चयन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इसमें ऐसे स्कूल का चयन किया जाएगा, जहां छात्र संख्या 200 से अधिक हो और परिसर में 1300 वर्ग मीटर रिक्त भूमि हो, ताकि आवश्यक निर्माण कार्य कराए जा सकें।
शासन के निर्देश पर विभागीय स्तर पर प्रक्रिया आरंभ की गई है। चयनित स्कूल में सुविधाओं की बहाली पर विशेष जोर रहेगा, ताकि यहां आने वाले छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्था दी जा सके। इस स्कूल में सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी जो कान्वेंट के स्कूलों को मिलती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले वर्ष बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सीएम अभ्युदय कंपोजिट स्कूल अभियान की शुरुआत की थी। इसके पहले चरण में प्रदेश के सभी जिलों में एक-एक परिषदीय विद्यालय को उच्चीकृत करने की योजना है। इसके लिए जिले में भी एक विद्यालय का चयन किया जाना है। इसके लिए जिले के सभी ब्लॉकों के 2120 परिषदीय विद्यालयों की सूची तैयार की जा रही है। इसके लिए छह मानक तय किए गए हैं। इस पैरामीटर में खरा उतरने वाले विद्यालय का ही चयन किया जाना है।
कोट
सीएम अभ्युदय कंपोजिट स्कूल के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों से विद्यालयों के नाम मांगे गए हैं। सूची मिलने के बाद और मानकों के आधार पर ऐसे विद्यालय का चयन किया जाएगा।
-शालिनी श्रीवास्तव, बीएसए