खुखुंदू। क्षेत्र के परसिया मिश्र गांव में तीन दिन पहले बच्चों के विवाद मेंं हुई मारपीट में आठ लोग घायल हो गए। सभी का नजदीक के अस्पताल में इलाज कराया गया। सभी घायलों का पुलिस ने मेडिकल कराया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, परसिया मिश्र निवासी पारस नाथ यादव का कहना है कि मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे बच्चों के विवाद को लेकर पड़ोसी सुदीप राजभर पोती शिवानी को मारने-पीटने लगा। बीच-बचाव करने से नाराज सुदीप के परिवार वाले गोल बनाकर उसके दरवाजे पर चढ़कर आ गए और मारने-पीटने लगे। शोर मचाने पर जब पत्नी फेकनी देवी, रीता और सुनीता बाहर आईं तो हमलावरों ने बारी-बारी से उनकी भी पिटाई कर दी। उधर, दूसरे पक्ष का आरोप है कि बच्चों के विवाद से नाराज पारस नाथ यादव के परिवार वालों ने मिलकर सुदीप, सौम्या और बबीता देवी की पिटाई कर दी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए तहरीर दी है। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद