संवाद न्यूज एजेंसी
लार/चनुकी (देवरिया)। बिहार के गोपालगंज जिले के फुलवरिया थानाक्षेत्र के मजिरवा गांव से दस वर्षीय मासूम के अपहरण के आरोपी विशाल ने खुदकुशी कर ली। वह लार क्षेत्र के नेमा गांव का रहने वाला है। बच्चे की बरामदगी और इस मामले में अपने भाई अमित की गिरफ्तारी के बाद उसने यह कदम उठाया।
बताया जा रहा है कि शनिवार को वाराणसी से पिंडदान करा कर लौटते समय उसे यह जानकारी मिली जिसके बाद सिटी स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर उसने जान दे दी। गोपालगंज के फुलवरिया थाना क्षेत्र के मजिरवा कला गांव से अगवा अनीश (10) को शनिवार को एसओजी और लार थाने की पुलिस की मदद से बिहार पुलिस ने खुखुंदू थानाक्षेत्र के मुसैला चौराहा से बरामद कर लिया। इसके बाद टीम लार क्षेत्र के नेमा गांव निवासी मुख्य आरोपी विशाल सिंह उर्फ अतुल के घर पहुंची। इस बीच विशाल के भाई दूसरे आरोपी अमित सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। विशाल के गांव से पुलिस ने एक युवती को हिरासत में लिया है। अमित और युवती के साथ बच्चे को लेकर बिहार पुलिस गोपालगंज लौट गई। इसकी जानकारी पूर्वजों का पिंडदान करने वाराणसी गए विशाल को हुई तो उसने बनारस सिटी स्टेशन पर ट्रेन के सामने कूद कर खुदकुशी कर ली। पुलिस का कहना है कि विशाल ने बाइक से अनीश का अपहरण किया था और कुछ दूर आगे जाकर कार में भाई अमित को सौंप दिया था।