- खुखुंदू के चकिया शुक्ल गांव का मामला, बीच-बचाव करने पर दोस्तों को भी पिटा
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के चकिया शुक्ल गांव में मनबढ़ों ने गांव के चौकीदार की बाइक रोककर पहले चाबी निकाल ली और फिर बाइक पर सवार चौकीदार समेत तीन की पिटाई कर दी। उधर, आरोपियों के खिलाफ शनिवार को ही पुलिस ने एक-दूसरे से मारपीट के मामले में केस दर्ज किया है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के चकिया शुक्ल गांव निवासी और गांव का चौकीदार धर्मेंद्र कुमार शनिवार की शाम को अपने दोस्तों संग मगहरा चौराहा पर बाजार करने जा रहा था। वह अभी बाइक लेकर अपने गांव के दूसरे मोहल्ले में पहुंचा था कि मनबढ़ों ने उसकी बाइक रोक ली और चाबी निकाल कर मारने-पीटने लगे।
बीच-बचाव करने पर पीछे बैठे दोस्त मिथिलेश कुमार और सिंटू कुमार को भी मारपीट कर घायल कर दिया। चौकीदार का कहना है कि हमलावरों ने दिवाली के समय हुए विवाद को लेकर फिर मारपीट की है। घटना की सूचना देने जब मैं थाने के लिए चला तो हमलावरों ने 112 पुलिस को फोन कर मौके पर बुला लिया।
पीड़ित चौकीदार ने बताया कि हमलावर मनबढ़ किस्म के हैं। किसी से मारपीट कर लेते हैं। दो दिन पहले ही गांव के रामसूरत कुमार को मारपीट कर घायल किए थे। इसमें शनिवार को केस दर्ज हुआ है। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली। दोषियों के खिलाफ फिर से केस दर्ज किया जाएगा। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि ऐसे मनबढ़ों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।