मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग में हर रोज पहुंच रहे 70-80 पीड़ित
उम्रदराज लोगों के अलावा लंबे समय तक एक ही जगह बैठकर काम करने वाले हो रहे पीड़ित
देवरिया। ठंड में सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस के मरीजों की दिक्कत बढ़ गई गई है। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग में हर रोज 70-80 लोग बैठने, सोने और चलने पर गर्दन, हाथ में दर्द की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इसमें 20 से 25 युवा शामिल होते हैं।
मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग के डॉ. अजय कुमार यादव ने बताया कि ठंड में मसल में खिंचाव होता है। इसके कारण उम्रदराज लोगों को दिक्कत होती है। देर तक बिस्तर पर एक ही तरह रहने से दर्द होता है। इसके अलावा ऑफिस में कुर्सी पर देर तक बैठकर काम करने और ज्यादा वाहन चलाने वाले भी सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस की समस्या से पीड़ित हो सकते है। समस्या बढ़ने पर चक्कर आने जैसे लक्षण भी दिखने लगते हैं।
डॉ. अजय ने बताया कि सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस में रीढ़ की हड्डियों में सूजन आ जाती है जो गर्दन के सर्वाइकल स्थान को प्रभावित करती है। इसे सर्वाइकल ऑस्टियोऑर्थराइटिस के रूप में भी जाना जाता है। इसमें गर्दन, रीढ़ की हड्डी और डिस्क प्रभावित होने से तेज दर्द होता है। गर्दन झुकाकर देर तक कार्य करने, वजनी चीज उठाने, मोटापा आदि की वजह से भी यह बीमारी होती है। फिजिकल एक्टीविटी और नियमित दिनचर्या से आराम मिलता है। इलाज के साथ फिजियोथेरेपी से भी राहत मिलती है।
-
ये हैं लक्षण
गर्दन, कंधे, अंगुलियों में दर्द व खिंचाव होना
अंगुलियों का सुन्न होगा, चुभन महसूस होना
सिर में भारीपन, खांसने, हंसने पर भी दर्द
खड़े होने, बैठने में दर्द होना
ये बरतें सावधानी
ठंड से बचें व जोड़ों को बचाएं, कान को ढक कर रखें, मोजा और नी कैप पहनें, ठंडी चीजों का कम सेवन करें, पौष्टिक आहार लें, हरी साग-सब्जी का सेवन करें , प्रतिदिन हल्का व्यायाम और योगासन करें, लेटने, बैठने का तरीका सही रखें, ऑफिस वर्कर दो घंटे के बाद ब्रेक लें, भारी वजन उठाते समय सावधानी बरतें, शरीर का वजह नियंत्रित रखें, नशे का सेवन न करें