लाभार्थियों को दिया गया प्रमाणपत्र
बरहज। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर स्थित अनंत आश्रम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पात्र लाभार्थियों को घरौनी, आवास आदि के प्रमाण पत्र दिए गए।
सबसे पहले पीठाधीश्वर आंजनेय दास के नेतृत्व में विधायक दीपक मिश्र शाका, एसडीएम गजेंद्र सिंह, सीओ पंचम लाल आदि ने पंडित रामप्रसाद बिस्मिल के समाधिस्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किया। विधायक ने कहा कि अमृत महोत्सव कार्यक्रम में शहीदों को याद करने के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना सच्ची श्रद्धांजलि है। कहा कि सरकार की योजनाओं को गरीबों तक शत-प्रतिशत पहुंचाना पार्टी की नीति और नीयत है।
कार्यक्रम में छित्तूूपुर, गोड़ौली, कपरवार, परसियां देवार, हरनाडीह, बड़का गांव, हरनौठा आदि गांवों के 186 लाभार्थियों को कृषि पट्टा, मत्स्य पालन, प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री आवास, घरौनी आदि का प्रमाण पत्र दिया गया। इस दौरान तहसीलदार अश्वनी कुमार, नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह, ईओ चंद्रकृष्ण पांडेय, रमेश तिवारी अंजान, मंगलमणि त्रिपाठी, रामेश्वर प्रसाद यादव, अजय कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।
योजनाओं के लाभार्थियों को विधायक ने दिया चेक
भाटपार रानी। तहसील परिसर में रविवार को किसानों, महिलाओं, मजदूरों आदि के लिए चलाई जा रहीं सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किया गया।
चेक का वितरण मुख्य अतिथि विधायक सभाकुंवर ने किया। इस दौरान कुल 75 से अधिक लाभार्थियों को चेक वितरित किया गया। विधायक सभाकुंवर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें किसानों, महिलाओं और नौजवानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से धनराशि सीधे उनके खाते में भेज रही हैं। इसमें बिचौलियों की कोई भूमिका नहीं रह गई है। इससे विपक्षी दल और बिचौलिए घबड़ा गए हैं। यही कारण है कि गरीब, मजदूर, किसान अब भाजपा पर विश्वास जताने लगे हैं। इस दौरान उप जिला अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, नायब तहसीलदार करन सिंह आदि मौजूद रहे।