फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: कुर्की के भय से सिपाही हत्याकांड के फरार आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर

Wed, 03 Apr 2024 12:50 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
बिहार के भोरे थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं तीनों हत्यारोपी
विज्ञापन

सात अप्रैल के बाद संपत्ति कुर्क करने की कवायद में जुटी थी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। सिपाही महानंद सिंह यादव की हत्या के फरार तीन आरोपियों ने कुर्की के भय से कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। न्यायाधीश ने उन्हें जेल भेज दिया। न्यायालय के आदेश पर 82 की कार्रवाई के बाद पुलिस फरार आरोपियों के विरुद्ध सात अप्रैल के बाद संपत्ति की कुर्की करने की तैयारी में जुटी थी। तीनों आरोपी बिहार प्रांत के भोरे थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद महानंद यादव के परिजनों ने हत्यारोपियों को कठोर सजा देने की मांग की है।
गाजीपुर जिले के जमनिया थाना क्षेत्र के हरिबल्लमपुर गांव निवासी महानंद सिंह यादव यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे। उनकी तैनाती भटनी थाने में थी। 19 सितंबर 2023 की रात उनकी ड्यूटी होमगार्ड शशिभूषण पांडेय के साथ घांटी बाजार पुलिस चौकी के केरवनिया पुल पर लगे बैरियर पर थी। 20 सितंबर की भोर में शराब तस्करी की सूचना मिलने पर सिपाही और गार्ड ड्यूटी पर मुस्तैद थे। तभी एक चारपहिया वाहन खामपार की ओर से तेज गति से आता दिखा। सिपाही महानंद व होमगार्ड ने बैरियर गिराकर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन में सवार शराब तस्कर सिपाही को रौंदते हुए मौके से भाग निकले। जानकारी पर पहुंची पुलिस घायल सिपाही को गोरखपुर स्थित मेडिकल कॉलेज ले गई। जहां उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन

दरोगा अंकित सिंह की तहरीर पर पुलिस ने वाहन मालिक विजय मांझी समेत दस अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया। एसपी ने तीनों थानों की पुलिस के अलावा एसओजी को आरोपियों को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी। कुछ दिन बाद पुलिस ने सोनूघाट के पास चारपहिया वाहन सवार छह शराब तस्करों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों ने सिपाही महानंद को कुचलकर मार डालने की बात स्वीकार की थी। जबकि मुख्य आरोपी विजय मांझी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर निवासी अजय यादव, संजय यादव और रामपुर कला गांव निवासी कुंदन यादव के भी हत्या में शामिल होने की बात बताई। तभी से पुलिस तीनों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही थी।

सात मार्च को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर की थी 82 की कार्रवाई
बीते सात मार्च को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर फरार तीनों आरोपियों के घर 82 की कार्रवाई की। पुलिस ने सरेंडर नहीं होने पर संपत्ति कुर्क करने की चेतावनी दी थी। सात अप्रैल को समय सीमा पूरी होने के बाद पुलिस फरार आरोपियों के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई करने में जुटी थी। तभी आरोपियों ने सोमवार को देवरिया कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो जाने के बाद महानंद के माता-पिता व भाई ने न्याय मिलने की बात कहते हुए हत्यारोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
विज्ञापन


कोट
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी शिव प्रताप सिंह ने कहा कि सिपाही महानंद यादव की हत्या के फरार तीनों आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर किया है। उन्हें कठोर सजा दिलाने के लिए पुलिस, कोर्ट में अपना पक्ष मजबूती के साथ रखेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें