लार नगर के मुख्य बाजार में हुई मारपीट का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
लार। दो दिन पूर्व किसी बात को लेकर पड़ोस के कुछ लोगों ने एक युवक पर प्राणघातक हमला कर दिया था। मामले में पीड़ित की मां की तहरीर पर पुलिस ने दो के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।
लार नगर के मुख्य बाजार निवासी मीना देवी का बेटा दिलीप वर्मा दो दिन पूर्व रात में भोजन कर दरवाजे के पास टहल रहा था। तभी पड़ोस में दुकान लगाने वाले कुछ लोगों से विवाद हो गया। अभी दिलीप कुछ समझता तब तक लाठी डंडे से हमला कर दिए, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। चीख पुकार की आवाज सुन लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच किसी ने घटना की सूचना कस्बा चौकी के पुलिस कर्मियों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायलावस्था में लेकर सीएचसी पहुंची। जहां प्राथमिक उपचार हुआ। इसके बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर, घायल दिलीप की मां ने पड़ोस के दो दुकानदारों के खिलाफ बेटे पर प्राणघातक हमला करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने पड़ोस के दुकानदार राजेंद्र वर्मा व जीतू वर्मा के खिलाफ हत्या के प्रयास व मारपीट करने का केस दर्ज कर लिया। पुलिस जांच में जुटी हुई है। प्रभारी निरीक्षक कपिलदेव चौधरी ने बताया कि दिलीप वर्मा के मां की तहरीर पर दो के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।