गौरी बाजार। क्षेत्र के ग्राम भगुआ में दो पक्षों में हुए विवाद में युवक पर धारदार हथियार से हमला करने वाले कैदी की जेल में हुई मौत के मामले में कैदी की मां की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के विरुद्ध नामजद केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम भगुआ निवासी विशाल यादव पुत्र शिवलाल यादव का गांव के ही सत्यनारायण गुप्ता (27) पुत्र हरिलाल गुप्ता के साथ रंजिश थी। पांच जुलाई की शाम को दोनों में विवाद हो गया। इस बीच सत्यनारायण ने धारदार हथियार से विशाल के गले पर वार कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। यह देख वहां उपस्थित विशाल के परिजनों एवं कुछ ग्रामीणों ने सत्यनारायण को जमकर मारा पीटा। जिससे उसको अंदरूनी चोटें आईं। इस मामले में विशाल की मां विद्यावती देवी की तहरीर पर गौरी बाजार पुलिस ने सत्यनारायण को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया। जेल प्रशासन द्वारा बताया गया कि सात जुलाई को उसकी तबीयत खराब हो गई। उसे देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। 10 जुलाई को उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर इलाज के लिए लाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक कैदी की मां गुलइची देवी की तहरीर सात लोगों के विरुद्ध नामजद गैर इरतन हत्या का केस दर्ज किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिनेश मिश्र ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।