-दो दिन पहले क्लीनिक पर भर्ती मरीज के तीमारदार ने दी थी कोतवाली में तहरीर
संवाद न्यूज़ एजेंसी
देवरिया। परमार्थी पोखरा के पास स्थित शांति हॉस्पिटल के संचालक डॉ. विनोद सिंह व उनके कर्मचारी पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है। तीन दिन पहले खुखुंदू थाना क्षेत्र के दोगला निवासी अजय दुबे ने संचालक व उनके कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के दोघड़ा गांव के हृदयानंद दूबे की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी। वह सोमवार को इलाज करने न्यू कॉलोनी स्थित शांति अस्पताल में आए थे, जहां चिकित्सक ने इलाज के लिए 35 सौ रुपया जमा करने की बात कही। मरीज ने पैसा जमा किया तो इलाज शुरू हो गया। आरोप है कि इलाज के बाद मरीज शाम को घर जाने के लिए तैयार हुआ तो अस्पताल के कर्मचारियों ने इलाज का बकाया 10 हजार रुपये मांगा।
मरीज ने चिकित्सक पर 35 सौ रुपये में ही इलाज की बात कही। आरोप है कि मरीज के पुत्र अजय दुबे की बिल के भुगतान को लेकर कर्मचारियों से पहले कहासुनी फिर मारपीट हो गई। इसमें अजय दुबे के सिर में चोटें आई।सोमवार की शाम को उन्होंने कोतवाली पुलिस को चिकित्सक सहित कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी। बुधवार की दिन देर शाम इस मामले में कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
सीओ सदर संजय रेड्डी ने बताया कि अजय दुबे की तहरीर पर शांति अस्पताल के संचालक डॉ. विनोद सिंह व उनके अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया है।