शहीद रामचंद्र इंटर काॅलेज बसंतपुर धूसी के प्रधानाचार्य से रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी पर चार माह पूर्व से दर्ज है केस
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। प्रधानाचार्य से रंगदारी मांगने व धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी के घर शनिवार की शाम को पुलिस टीम ने कुर्की का नोटिस चस्पा किया। पुलिस ने पहले गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों में आरोपी के फरार होने की सूचना प्रसारित की।
आरोपी एक आरटीई कार्यकर्ता है, जिस पर चार माह पूर्व एसपी के निर्देश पर पुलिस ने रंगदारी मांगने व धमकी देने का केस दर्ज किया था।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के शहीद रामचंद्र इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. स्वतंत्र यादव ने करीब चार महीना पहले तरकुलवा थाने में तहरीर दी। बताया था कि तरकुलवा गांव के निवासी आरटीआई कार्यकर्ता धर्मराज यादव उनसे 15 से 20 हजार रुपये रंगदारी के रूप में ले चुका है। आरोप है कि वह हर महीने आठ से दस हजार रुपये रंगदारी मांगता था और नहीं देने पर धमकी देता था। जब पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो प्रधानाचार्य ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद एसपी के निर्देश पर 21 दिसंबर 2023 को पुलिस ने आरोपी आरटीई कार्यकर्ता के खिलाफ केस दर्ज किया था। मामले में आरोपी फरार चल रहा है। हाजिर न होने पर कोर्ट ने गैरजमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद हाजिर न होने पर कोर्ट ने कुर्की का नोटिस जारी किया है। सीओ संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि आरोपी पर रंगदारी मांगने का केस दर्ज है। वह लगातार फरार चल रहा है। इसपर कोर्ट ने कुर्की का आदेश जारी किया है।