भाजपा सेक्टर प्रमुख पर मारपीट व छेड़खानी का केस दर्ज
पति के साथ भोर में टहलने गई महिला के साथ भाजपा नेता समेत चार लोग पिटाई कर की थी छेड़छाड़
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। भाजपा सेक्टर प्रमुख पर कोतवाली पुलिस ने मारपीट कर एक महिला के साथ छेड़खानी करने के मामले में केस दर्ज किया है। आरोप है कि पीड़ित व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ भोर में टहलने गया था, जहां भाजपा नेता समेत चार लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। इसी बीच भाजपा सेक्टर प्रमुख ने उनकी पत्नी के साथ छेड़खानी कर दी।
कोतवाली थाना क्षेत्र के हरैया वार्ड नंबर आठ निवासी विजय प्रजापति ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि एक नवंबर की रात करीब 11:30 मेरे पिता रामचंद्र का कोतवाली थाना क्षेत्र के हड़ुआ उर्फ औरंगाबाद निवासी राघवेंद्र पासवान उर्फ चंदन से झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसके परिवार के लोग वापस घर चले गए थे। चार नवंबर की भोर करीब 4:30 बजे वह अपनी पत्नी के साथ नवलपुर रोड पर टहल रहा था कि उसी समय औरंगाबाद मोड़ के सामने कुछ दूरी पर राघवेंद्र पासवान व गोरख पासवान व अज्ञात दो लोग उनके पास आए और इसी के बाप से झगड़ा हुआ है, कहते हुए मुझे व मेरी पत्नी को मारने-पीटने लगे। इसी दौरान राघवेंद्र पासवान ने मेरी पत्नी के साथ छेड़छाड़, अभद्र भाषा का प्रयोग व दुर्व्यवहार किया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी।
विजय प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा सेक्टर प्रमुख राघवेंद्र पासवान उर्फ चंदन, गोरख पासवान व अज्ञात दो लोगों के खिलाफ मारपीट व छेड़खानी का केस दर्ज किया है। कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि मारपीट व छेड़खानी के मामले में भाजपा सेक्टर प्रमुख समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।