गोली मारने पर एक नामजद सहित सात पर मुकदमा दर्ज
आईटीआई चौराहे के पास युवक को मारी गई थी गोली
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के सोंदा में आईटीआई चौराहा स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास शुक्रवार की शाम युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक नामजद सहित सात पर शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त से अभी दूर हैं।
संतकबीर नगर जनपद के महुली थाना क्षेत्र के सेखवनियां गांव निवासी रवि प्रताप सिंह (22) के पिता भालचंद तथा माता की करीब 20 वर्ष पहले मृत्यु हो गई। इसके बाद से भटवलिया चौराहा निवासी मामा दिवाकर सिंह के यहां रहता है। बुधवार की रात मामा के घर पर एक किराएदार से कुछ युवकों का विवाद हुआ था। इसमें रवि ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया था।
शनिवार की शाम रवि आईटीआई चौराहे पर किसी काम से दुकान पर जा रहा था। इसी रंजिश में पहले से घात लगाए बैठे रामनाथ देवरिया निवासी दीपक मिश्रा व बाइक सवार अन्य छह बदमाशों ने जान से मारने के लिए गोली चला दी। गोली रवि के बाएं हाथ में लगी। इसके बाद बदमाश हवा में दो गोली फायर करते हुए फरार हो गए। आसपास की लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था।
रवि के मामा दिवाकर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार की रात दीपक मिश्रा व अन्य छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सदर कोतवाल मृत्युंजय सिंह ने बताया कि तहरीर केे आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द कर ली जाएगी।