मधवापुर गांव के पूरब गेहूं की फसल में खून से लथपथ युवक का मिला था शव
गांव के तीन नामजद समेत कई अन्य लोगों पर केस दर्ज, फिर भी असमंजस बरकरार
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव के पूरब तीन दिन पहले गेहूं की फसल में एक युवक की हत्या कर शव फेंक दिया गया था। हालांकि, इस मामले में कोतवाली पुलिस ने युवक के चाचा के तहरीर पर गांव के तीन युवकों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। फिर भी कोतवाली पुलिस अभी असमंजस में है। रविवार को कोतवाल पुलिसकर्मियों के साथ युवक के गांव पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए।
बनकटा थाना क्षेत्र के कोठिलवा गांव निवासी नितेश सिंह (30) पुत्र अशोक सिंह 25 जनवरी को अपने मित्र अंगद को छोड़ने रेलवे स्टेशन गया था। उसके साथ गांव के दशरथ कुशवाहा व श्याम बहादुर कुशवाहा भी मौजूद रहे। शुक्रवार की सुबह नितेश का शव कोतवाली थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव के पूरब गेहूं के एक खेत में मिला। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने नितेश के चाचा की तहरीर पर गांव के दशरथ कुशवाहा, श्याम बहादुर कुशवाहा व अंगद कुशवाहा समेत कई अज्ञात लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने नगर के बार के सीसीटीवी फुटेज निकाला है। इसमें नितेश 7:35 मिनट पर अकेले चेरो रोड स्थित एक बार एवं रेस्टोरेंट से बाहर निकल रहा है। 7:48 बजे तक वह चेरो रोड पर अकेले जाते दिख रहा है। उसके बाद वह कैसे 500-700 मीटर दूर चला गया। इसको लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। अब तक इस मामले में कोई अहम सुराग नहीं मिल रहे हैं। इसको लेकर कोतवाली पुलिस असमंजस में फंसी हुई है।
रविवार को कोतवाल उमेश कुमार वाजपेयी ने युवक के गांव पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए। कोतवाल ने बताया कि हत्या के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।