गौरीबाजार इलाके का रहने वाला है आरोपी, पुलिस तलाश में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। स्कूल गई सोलह वर्षीय हाईस्कूल की छात्रा के लापता होने की शिकायत मिली है। जानकारी पर पुलिस ने आरोपी युवक पर अपहरण का केस दर्ज किया है। आरोपी युवक गौरीबाजार थाना क्षेत्र का रहने वाला है। कार्रवाई के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं, मामला दो समुदायों का होने के चलते गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
भटनी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। वह 14 मार्च को पड़ोस की रहने वाली दोस्तों के साथ स्कूल गई। देर शाम को घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता सताने लगी। उन्होंने काफी खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। पुलिस के मुताबिक, किशोरी के गांव में दूसरे समुदाय के एक शख्स के घर गौरीबाजार से एक युवक रिश्तेदारी में अक्सर आता था। इसी दौरान वह किशोरी के करीब आ गया। किशोरी के साथ युवक भी लापता है। परिजनों के शिकायत पर आरोपी युवक के विरुद्ध अपहरण का केस दर्ज किया गया है। सीओ भाटपाररानी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में मामला प्रेम-प्रसंग का होना प्रतीत हो रहा है। केस दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।