तरकुलवा। गढ़रामपुर-त्रिमुहानी घाट मार्ग पर ओमप्रकाश राव इंटर कॉलेज बसंतपुर के सामने शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई थी। पुलिस ने शनिवार को मृतक के भाई अजय पटेल की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने व गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। थाना क्षेत्र के महुआपाटन गांव निवासी अजय पटेल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उनका भाई धीरज पटेल शुक्रवार की शाम को महुआपाटन से गढ़रामपुर जा रहा था। इस बीच ओमप्रकाश राव इंटर कॉलेज के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उसे ठोकर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। संवाद