देवरिया। लार थाना क्षेत्र के बरडीहा दलपत निवासी शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह के बाबा सत्यनारायण सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार की रात गांव के चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी ले लिया है।
सियाचिन में कार्यरत कैप्टन अंशुमान सिंह 19 जुलाई को शहीद हो गए। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे उनके बाबा सत्यनारायण सिंह अपने घोठा पर जेसीबी मशीन से सफाई करा रहे थे। इसी बीच उनके पड़ोसी यह कह कर मना करने लगे कि जमीन उनकी है। इस पर कोई सामान नहीं रखा जाएगा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी और मारपीट हो गई। घटना में एक पक्ष से शहीद के बाबा और दूसरी तरफ के भी चार लोग घायल हो गए। घायल सत्यनारायण सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पट्टीदार संतोष सिंह उर्फ भूषण, बलबीर उर्फ सूर्य भूषण पुत्र पारसनाथ सिंह व उदय प्रताप सिंह, पारसनाथ सिंह पुत्र राधा कृष्ण सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है लेकिन कुछ बोल नहीं रही है। इंस्पेक्टर राहुल सिंह का कहना है कि शहीद अंशुमान सिंह के बाबा के सिर पर काफी चोट आई है, उनकी तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।
मौके पर टीम के साथ पहुंचे तहसीलदार
देवरिया। भूमि विवाद को लेकर बरडीहा दलपत निवासी शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह के परिजनों से हुई मारपीट के मामले में भूमि का स्थलीय निरीक्षण करने बुधवार को तहसीलदार मिश्री सिंह चौहान राजस्व टीम साथ मौके पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली। तहसीलदार का कहना है कि जिस भूमि को लेकर विवाद हो रहा है वह आबादी की भूमि है, जिसमें तीन लोग हैं। उनमें आपसी बातचीत के दरम्यान बंटवारा भी हो चुका है। उनके मुताबिक दो पक्ष अपना मकान बनवा कर कब्जा दखल कर रखे हैं। शहीद के परिवार की भूमि अभी खाली है जिसकी सफाई कराई जा रही थी। मौके पर केवल सत्यनारायण सिंह ही मौजूद थे, दूसरा पक्ष नहीं था। शहीद के ब्रह्मभोज के बाद मामला निपटा दिया जाएगा।