सलेमपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक पक्ष के पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया है। बभनौली पांडेय निवासी विश्वनाथ पांडेय पुत्र काशी नाथ पांडेय अपने घर पर भोजन कर रहे थे। इसी बीच पट्टीदारी का चंदशेखर पांडेय व आशीष पांडेय व दो अज्ञात व्यक्ति गाली देते हुए लाठी-डंडे से विश्वनाथ पांडेय को मारने पीटने लगे। इससे वह वहीं गिर गए। उनका सिर फट गया तथा बाएं हाथ में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके लड़के मनीष को भी मनबढ़ों ने मारपीट कर लहुलुहान कर दिया। घायल विश्वनाथ का इलाज मेडिकल कालेज में चल रहा है। कोतवाल गोपाल पांडेय ने बताया कि मनीष की तहरीर पर गांव के चंदेशेखर, आशीष व दो अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच चल रही है।