खौलता तेल फेंकने के मामले में तीन पर मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। मामूली विवाद पर युवक पर खौलता तेल फेंकने के मामले में पुलिस ने आरोपी दुकानदार समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थानाक्षेत्र के वृंदावन गांव निवासी नित्यानंद विश्वकर्मा 28 अक्तूबर को गांव के चौराहे पर सामान की खरीदारी करने गए थे। वहां किसी बात को लेकर कुछ दुकानदारों में विवाद हो रहा था। आरोप है कि नित्यानंद विवाद में बीच-बचाव करने गया तो गुस्से में आकर एक दुकानदार ने उसके ऊपर खौलता हुआ तेल फेंक दिया था। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। इस मामले में पीड़ित के पिता राममिलन शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने आरोपित दुकानदार रामरतन पुत्र गिरनाली और उसके अन्य दो रिश्तेदारों के खिलाफ खतरनाक आयुध साधनों से हमला करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित युवक के पिता की तहरीर पर आरोपी दुकानदार एवं उसके दो रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।