-जमीन विवाद में रखे नाद-खूंटा को प्रधान ने तोड़ा, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जमीनी विवाद में पंचायत करने गए गांव के प्रधान ने नाद खूंटा तोड़ दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने प्रधान समेत आठ लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। विवाद की वजह डीह की जमीन पर अवैध कब्जा बताया जा रहा है।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी सदावृक्ष यादव के घर के पास नाद-खूंटा रखा था, जहां इनके पशु रहते हैं। गांव के प्रधान प्रतिनिधि कुछ लोगों के साथ सदावृक्ष के दरवाजे पर पहुंचे और डीह की जमीन में नाद खूंटा होने की बात कह उलझ गए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस इस मामले में सलमान, सत्तार अंसारी, आलम अंसारी, हारून, लालू, लियाकत, मशरफ, ग्राम प्रधान पर बलवा, मारपीट और तोड़फोड़ का केस दर्ज किया है।
ग्राम प्रधान पति जिआउद्दीन उर्फ कुंदन ने बताया कि पत्नी हमारी प्रधान हैं। वह मौके पर नहीं गई थी। वहां मैं गया था और डीह की जमीन पर सदावृक्ष का कब्जा है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ है। अगर पुलिस ने केस दर्ज किया है तो एक पक्षीय कार्रवाई हुई है। रामपुर कारखाना के इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।