खुखुंदू। क्षेत्र के डुमरिया लाला मोड़ के पास शनिवार को बाइक सवार दंपती को एक कार ने टक्कर मार दी। दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजवाया, जहां हालत गंभीर देख डाॅक्टर ने दोनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि जिउतिया व्रत की खरीदारी करने दंपती बाजार करने निकले थे। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, सझवलिया गांव निवासी रामध्यान यादव (49) बाइक से पत्नी विमला देवी (48) को लेकर जिउतिया व्रत का बाजार करने खुखुंदू चौराहे पर आ रहे थे। देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर डुमरिया लाला मोड़ के पास देवरिया की तरफ से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे पति-पत्नी बाइक के साथ सड़क पर गिर गए। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस गई थी। बाइक सवार पति-पत्नी घायल हुए हैं। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले लोगों ने घायलों को अस्पताल भेज दिया था। संवादं