संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। बहादुर यादव मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय भटनी में सोमवार को ड्रीम चित्रकला प्रदर्शनी मेले का आयोजन हुआ। प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पं.गिरीश चंद्र तिवारी व डायट के प्राचार्य अनिल सिंह ने मां सरस्वती के चित्र दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर किया।
चित्र कला विभाग के छात्र छात्राओं ने कैनवास ड्रीम चित्रकला, फोटोग्राॅफी प्रदर्शनी तथा गृह- विज्ञान के तरफ से फूड स्टाल प्रदर्शनी संयुक्त रूप से लगाया। इसमें कटोरी चाट, वेज बिरियानी, राजस्थानी दाल व भाटी शामिल रहा। चित्रकला के छात्र धर्मराज राना ने मुख्य अतिथि का लाइव छवि चित्र बनाकर भेंट किया। रोली गुप्ता सरस्वती वंदना तथा अनुराधा बरनलाल ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। महाविद्यालय प्रबंधक अजय यादव तथा प्राचार्य डॉ. विनोद यादव ने अतिथियों को अंग वस्त्र व स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया।
इस दौरान डॉ.अभिनव द्विवेदी, विजय यादव, डॉ. बलवंत मिश्रा, अमर कुशवाहा, त्रिपुरेश कुशवाहा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राम मनोहर यादव ने किया।