पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के लिए मंगलवार की शाम प्रचार थम गया। गुरुवार को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां बुधवार को मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। चार ब्लॉकों में जिला पंचायत के 13 और बीडीसी सदस्य के 306 सीटों पर चुनाव होना है। इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।29 अक्टूबर को बरहज, भागलपुर, भलुअनी और लार ब्लॉक में जिला पंचायत और बीडीसी सदस्य पदों पर चुनाव होना है। मंगलवार की शाम चुनाव प्रचार का शोर थमने के बाद प्रत्याशी अब डोर टू डोर दस्तक दे रहे हैं। गांवों में मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रत्याशियों ने अंतिम ताकत झोंक दी है। बरहज, भागलपुर और लार में जिला पंचायत के तीन-तीन सीटों पर चुनाव होगा। बीडीसी के 306 पदों में बरहज के 64, भागलपुर के 71, लार के 79 और भलुअनी के 92 पद शामिल हैं। मतदान के लिए बरहज में 82 मतदान केंद्र और 182 मतदान स्थल, भागलपुर में 96 मतदान केंद्र और 208 मतदान स्थल, लार में 99 मतदान केंद्र और 219 मतदान स्थल, भलुअनी में 108 मतदान केंद्र और 251 मतदान स्थल बनाए गए हैं। बरहज में बीडीसी के 254 और जिला पंचायत के 35, भलुअनी में बीडीसी के 402 और जिला पंचायत के 53 प्रत्याशी मैदान में हैं। बरहज के आरओ उत्कर्ष भारद्घाज ने बताया कि बरहज में बीडीसी के तीन प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय है। भलुअनी के आरओ वृजराज सिंह ने बताया कि बीडीसी के दो पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होगा।