डीएम ने संयुक्त टीम गठित करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। अवैध शराब निर्माण, बिक्री एवं तस्करी तथा अवैध अल्कोहल, शीरा के परिवहन पर अंकुश लगाने को लेकर 26 जुलाई तक का विशेष प्रवर्तन अभियान चलाए जाएंगे। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासन व पुलिस तथा आबकारी विभाग की गठित संयुक्त टीम को निर्देश दिए हैं। कहा है कि जिले में स्थित अवैध मद्यनिष्कर्षण के अड्डों तथा अन्य प्रांत निर्मित शराब की तस्करी के संभावित क्षेत्रों, मार्गों पर औचक प्रवर्तन कार्रवाई के लिए 26 जुलाई तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जाए। टीम में संबंधित तहसील के एसडीएम और क्षेत्राधिकारी को नामित किया गया है, जिनके साथ आबकारी विभाग के अधिकारियों को भी नामित किया गया है। टीमें जीएसटी, परिवहन विभाग, ड्रग विभाग एवं आरपीएफ, आरएएफ का भी सहयोग लेंगी।
जिलाधिकारी ने टीम को निर्देश दिया है कि अवैध शराब के कार्य में संलिप्त माफियाओं, तस्करों की जो सूची उपलब्ध कराई गई है, उनके विरुद्ध स्थानीय पुलिस के सहयोग से गैंगेस्टर व गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। उन पर निगरानी रखी जाए। संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जाए। राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गो पर स्थित ढाबों, जहां अल्कोहल के टैंकर रुकते हैं, की भी सघन एवं आकस्मिक जांच कराई जाए।