देवरिया। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने शनिवार को शहर के प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में गोरखपुर रोड, कसया ओवरब्रिज, मालवीय रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो, बिना हेलमेट, तीन सवारी और स्टंट करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए। इसके अलावा न्यू कॉलोनी स्थित डॉक्टर गुलाम रसूल, आस्था हॉस्पिटल और डॉक्टर दाऊद अंसारी के सामने, साथ ही राघव नगर व चीनी मिल ग्राउंड रोड पर नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने कुल 186 वाहनों का ई-चालान किया और चार वाहनों को सीज किया। संवाद