- जिले में आठ प्रधान, पांच बीडीसी, 129 सदस्य के खाली हैं पद
- आज राज्य निर्वाचन आयोग जारी करेगा अधिसूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले में प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य रिक्त पद के लिए उपचुनाव की कवायद शुरू कर दी गई। डीपीआरओ की ओर से उपलब्ध कराए गए आकड़ों के मुताबिक कुल 142 पद रिक्त हैं। इन पर उपचुनाव होने हैं। इसमें विभिन्न विकास खंडों में ग्राम प्रधान के आठ, बीडीसी के पांच और ग्राम पंचायत सदस्य के 129 पद खाली चल रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से सोमवार को अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। इस संबंध में पत्र जारी किया गया है।
जिले में नगर पंचायत बरियारपुर में रिक्त एक सभासद पद के उपचुनाव के बाद अब प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों पर उपचुनाव की तैयार शुरू कर दी गई है। विकास खंड सदर के परसिया मिश्र के प्रधान अशोक कुमार मिश्र, भटनी के देवघाट की प्रधान बिंदू देवी, बनकटा तिवारी के प्रधान सुभाष यादव, भलुअनी के बहोर धनौती के प्रधान रामकृपाल खटिक, लार के बरडीहा परशुराम के प्रधान शिवचन प्रसाद, सलेमपुर ब्लाॅक क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोल्हुआ के प्रधान जनार्दन यादव की मौत के बाद से पद रिक्त हैं, जबकि भागलपुर ब्लाॅक के कहांव की प्रधान अमृता सिंह के त्यागपत्र देने और पथरदेवा ब्ला क्षेत्र के महुअवा खुर्द की प्रधान प्रियंका खरवार के गलत जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के कारण पद रिक्त हो गया है।
ब्लाॅक देवरिया सदर क्षेत्र के वार्ड संख्या-16 की बीडीसी सदस्य सावित्री देवी, भागलपुर क्षेत्र के वार्ड संख्या-4 के सदस्य प्रवीण कुमार व वार्ड संख्या-14 सतरांव की सदस्य सीता, लार ब्लाॅक क्षेत्र के वार्ड संख्या-32 से बीडीसी संदीप सिंह के निधन और सलेमपुर ब्लाक क्षेत्र के वार्ड संख्या-3 बैदौली के क्षेत्र पंचायत सदस्य हरेंद्र यादव के त्यागपत्र देने से पद खाली हो गया है। इन रिक्त पदों पर अधिसूचना जारी होने के साथ ही उपचुनाव का बिगुल बज जाएगा। हालांकि इसकी सुगबुगाहट से संभावित दावेदार भी सक्रिय होने लगे हैं।
इन ग्राम पंचायतों में रिक्त हैं प्रधान के पद
- जिले की आठ ग्राम पंचायतों में प्रधान के पद रिक्त चल रहे हैं। इसमें विकास खंड सदर की ग्राम पंचायत परसिया, पथरदेवा की महुअवा खुर्द, भटनी क्षेत्र की देवघाट व बनकटा तिवारी, भलुअनी की बहोर धनौती, भागलपुर की कहांव, लार की बरडीहा परशुराम और सलेमपुर ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोल्हुआ में प्रधान के पद रिक्त हैं।
यहां खाली हैं बीडीसी के पद
- जिले में चार विकास खंडों में पांच क्षेत्र पंचायत सदस्य के पर रिक्त हैं। इसमें देवरिया सदर ब्लाॅक में बीडीसी वार्ड संख्या-16, भागलपुर में वार्ड संख्या-4 व 14 सतरांव, लार में वार्ड संख्या-32, सलेमपुर में वार्ड संख्या-3 बैदौली शामिल है। इसमें चार की मौत होने और सलेमपुर के वार्ड संख्या-3 के सदस्य हरेंद्र यादव के त्यागपत्र देने से बीडीसी सदस्य का पद रिक्त है।
-
इन ब्लाकों में रिक्त हैं ग्राम पंचायत के सदस्य पद
जिले के सोलह विकास खंडों में ग्राम पंचायत सदस्य के 129 पद रिक्त हैं। इसमें ब्लाॅक गौरीबाजार में 14, तरकुलवा व लार में 3-3, देवरिया सदर में 4, देसही देवरिया में 16, पथरदेवा में 9, बैतालपुर व भटनी में 7-7, बनकटा में 22, बरहज में एक, भलुअनी व रामपुर कारखाना में 6-6, भागलपुर में 11, भाटपाररानी में 8, रुद्रपुर में 10, सलेमपुर ब्लाॅक में 2 सदस्य के पद रिक्त हैं।
-
बैलेट पेपर लाने के लिए टीम रवाना
देवरिया। जिले में प्रधान, बीडीसी व ग्राम पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए वाराणसी के रामनगर स्थित राजकीय प्रेस से करीब 3 लाख 16,300 मतपत्र मंगाए जाएंगे। मतपत्र लाने के लिए रविवार की शाम उपकृषि निदेशक सुभाष मौर्य के नेतृत्व में टीम रवाना हो गई। विभिन्न पदों के लिए मतपत्र अलग-अलग रंग और विभिन्न चिह्न के होंगे। ग्राम प्रधान में लिए 69 हजार मतपत्र आएंगे, जिसका रंग हरा होगा। जबकि बीडीसी के लिए 20 हजार, रंग नीला, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 15 हजार मतपत्र सफेद रंग का होगा। वहीं जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 2 लाख 12300 मतपत्र मंगाए जा रहे हैं, जिसका रंग गुलाबी होगा। ये मतपत्र आगे होने वाले उपचुनाव के लिए मंगाए जा रहे हैं।
-
जिले में प्रधान के आठ, बीडीसी के पांच व ग्राम पंचायत सदस्य के 129 पद रिक्त हैं। इन पदों पर उपचुनाव होने हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से सोमवार को अधिसूचना जारी की जानी है। इसके बाद उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। विभिन्न पदों के लिए 3, 16300 मतपत्र मंगाए जा रहे हैं, जो विभिन्न रंग और चिह्न के होंगे। ये मतपत्र आगे होने वाले उपचुनाव के लिए हैं।
-सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, पंचायत एवं नगरीय निकाय