-प्रदूषित वातावरण लोगों को बना रहा बीमार, अस्पताल में पहुंच रहे मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। प्रदूषित वातावरण लोगों को बीमार बना रहा है। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ओपीडी और इमरजेंसी में आंखों में जलन, गले में चुभन वाले ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं। इलाज के साथ डॉक्टर बचाव के लिए सुझाव दे रहे हैं। लगातार मौसम में हो रहे उतार चढ़ाव का असर भी ऐसी बीमारियों की जननी बताई जा रही है। बच्चे, बुजुर्गों को डॉक्टर गर्म पानी का सेवन करने की सलाह दे रहे हैं।
प्रदूषण का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। लोग आंख की बीमारी से भी पीड़ित हो रहे हैं और इलाज के लिए डॉक्टर के पास पहुंच रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में आंख में जलन, चुभन, लाली और किचड़ से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। बृहस्पतिवार को ओपीडी में करीब 175 मरीज आए। इसमें 40-45 मरीज शामिल रहे। डॉ. तरून ने बताया कि कुछ दिन पहले तक इस बीमारी से पीड़ित मरीजों की संख्या पांच से सात थी। पर इन दिनों बढ़ रही है। प्रदूषण को लेकर लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
लोगों का प्रदूषित माहौल से सामना होता है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चे प्रदूषित हवा से बीमार हो रहे हैं। वहीं बड़े भी चपेट में आ रहे हैं। खांसी, आंखों में जलन, जुकाम, सिरदर्द और पेट की विभिन्न बीमारियां प्रदूषित वातावरण से फैल रही है। इस समय सर्तकता जरूरी है। लोग कंजक्टिवाटिस से पीड़ित हो रहे हैं। एक सप्ताह लालीपन के बाद किचड़ आने लगता है और सूजन भी हो जाता है। लंबे समय तक रहने पर रोशनी पर भी असर पड़ सकता है। लापरवाही नहीं करनी चाहिए। दिक्कत होने पर अपने मन से दवा व ड्राप नहीं लेना चाहिए। डॉक्टर की सलाह पर ही दवा लें।
डॉ. कन्हैया प्रसाद
नेत्र रोग विशेषज्ञ
-
यह बरतें सावधानी
-घर से सिर व मुंह ढक कर निकलें, आंखों पर चश्मा लगाएं
- बाजारों में खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन न करें, फास्टफूड भी हानिकारक होते हैं
- मुंह पर मास्क का इस्तेमाल करें
-दिन में तीन से चार बार साफ पानी आंख धोएं
- बार-बार हाथ आंख पर न ले जाएं