देवरिया। चटनी गढ़ही चौराहे के मोबाइल विक्रेता दुकानदार और शहर के लंगड़ी देवरिया निवासी राहुल चौरसिया का मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में इलाज चल रहा है। उसके पेट में फंसी गोली को ऑपरेशन कर बृहस्पतिवार को निकाल लिया गया। उसकी हालत में तेजी से सुधार आ रहा है। हालांकि, अभी तीन चार दिन उसे इमरजेंसी वार्ड में ही रखा जाएगा। मेडिकल कॉलेज में राहुल के भाई मनोज ने बताया कि बदमाश ने पहली गोली जो चलाई वह वह राहुल के पेट की बेल्ट पर लगने के बाद पेट में धंस गई। वह दूसरी बार फायर करने वाला ही था कि आवाज सुनकर बगल में खड़े व्यक्ति ने बदमाश का हाथ पकड़ लिया। उसके साथ मौजूद दूसरे बदमाश ने भी असलहा निकाल लिया था, तब तक शोर सुनकर आस-पास के लोग दौड़ पड़े। मनोज ने बताया कि केवल चौराहे पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से ही गोली चलाई गई थी। क्योंकि आरोपी एक बदमाश का घर उसके घर के पास ही है। संवाद