थाना क्षेत्र के देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर परसिया भंडारी पेट्रोल पंप के पास बाइक ने एक साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे साइकिल सवार समेत दो की मौत हो गई। आस-पास के लोगों ने जीवित होने की आशंका पर तीनों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया। जहां डाक्टर ने बुजुर्ग साइकिल सवार और बाइक पर पीछे बैठी किशोरी को मृत घोषित कर दिया।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के परसिया भंडारी गांव निवासी सदा फल यादव (65) किसी कार्य के लिए साइकिल से पास के चौराहे पर आए थे। यहां से घर जाते समय देवरिया सलेमपुर फोरलेन पर गांव के पेट्रोल पंप के पास ही पहुंचे थे कि तेज रफ्तार से आर रहे बुलेट बाइक सवार ने साइकिल में तेज टक्कर मार दी।
सदा फल और बाइक पर सवार बिहार प्रांत के जिला सिवान के ग्राम शामपुर की रहने वाली रुचि कुमारी (16) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच तीनों को मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया।
जहां डाक्टर ने सदा फल और रुचि कुमारी को मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस पहुंची थी। लेकिन तब तक सभी अस्पताल जा चुके थे। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।