सीवान कलेक्ट्रेट में विधानसभा चुनाव के लिए पर्चा दाखिल करने के बाद गिरफ्तार दोनों प्रत्याशियों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों उम्मीदवारों पर एक मुकदमे में न्यायालय का वारंट था और काफी दिनों से पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहे थे। सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के लकड़ी दरगाह गांव निवासी बसपा नेता बल्मिकी प्रसाद बहुजन समाज पार्टी से सीवान विधानसभा सीट से विधायक पद के लिए चुनाव लड़ रहे है। मंगलवार को सीवान कलेक्ट्रेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल करने गए थे। जांच के दौरान पता चला कि सीवान न्यायालय में लंबित एक मुकदमे में फरार चल रहे है और इनके खिलाफ वांटर जारी है। इस आरोप में पुलिस बसपा नेता को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा गोरियाकोठी थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी नीरज तिवारी निर्दल चुनाव गोरियाकोठी विधानसभा क्षेत्र से लड़ रहे है। इसके लिए सीवान कलेक्ट्रेट में यह भी अपने समर्थकों के साथ अपना पता बदलकर पर्चा दाखिल करने गए थे। प्रशासन की आंखों में धूल झोककर पर्चा दाखिल कर रहे नीरज तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि कागज में नीरज अपना पता मधेपुर जिले के थाना किशुनगंज के नयानगर तिवारी बासा गांव का बताया है। इनके खिलाफ भी दो वारंट जारी था जिसमें फरार चल रहे थे। इसके पूर्व भी सीवान कलेक्ट्रेट से पूर्व विधायक समेत दो नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस बाबत सीवान एसपी सौरभ कुमार साह ने बताया कि दोनों उम्मीदवार न्यायालय में लंबित एक केस में वांछित थे। इन्हे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।