भलुअनी कस्बा के डुमरी वार्ड में गैस सिलेंडर फटने से हुई मां बेटियों समेत चार लोगों की मौत का मामला
शिवशंकर के साले ने पुलिस महानिदेशक लखनऊ, पुलिस महानिरीक्षक गोरखपुर, एसपी देवरिया और भलुअनी एसओ को पत्रक देकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/खुखुंदू। भलुअनी कस्बे के डुमरी वार्ड में बीते शनिवार को सिलिंडर फटने और आग लगने से चार लोगों की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। साले ने बहनोई पर चारों को मारकर आग लगाने का आरोप लगाकर डीजीपी लखनऊ, आईजी गोरखपुर, एसपी देवरिया और एसओ भलुअनी को पत्रक देकर कार्रवाई की मांग की है।
भलुअनी कस्बा के डुमरी वार्ड में सिलिंडर फटने और आग लगने से फेरी लगाकर पावरोटी बेचने वाले शिवशंकर गुप्ता की पत्नी और तीन बच्चों की जान चली गई थी। घटना के अगले दिन रविवार को खुखुंदू गांव निवासी शिवशंकर की पत्नी के भाई भीम गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों को पत्र देकर बहन और बच्चों की हत्या करने का बहनोई समेत अन्य कुछ लोगों पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्षता पूर्वक जांच कराई जाए। बताया है कि मेरी बहन को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। इस संबंध में जब शिवशंकर से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि हमलोग किस हाल में है। यह देखने की सुध साले को नहीं थी। सबकुछ उजड़ गया तो साले द्वारा मुझे व मेरे परिवार को फंसाने की साजिश रची जा रही है। इसके बाद उनका गला भर आया और वह चुप हो गए। भलुअनी इंस्पेक्टर अर्चना सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। इस संबंध में सीओ, बरहज आदित्य कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की तरफ से तहरीर मिली है। उसकी बेटी की तरफ से भी तहरीर आई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेटी ने मामा व मौसी पर बहका कर तहरीर दिलवाने का लगाया आरोप
डुमरी अग्निकांड में मां व दो बहनों व एक भाई को गंवाने वाली शिवशंकर गुप्ता की बड़ी बेटी कंचन ने भलुअनी थाने में तहरीर देने की बात स्वीकारी। उसका कहना था कि घटना के दिन मैं मौके पर पहुंची। मुझे कुछ समझ में नहीं आ रहा था। मेरी स्थिति पागलों जैसी हो गई। इसके बाद मेरे मामा व मौसी जो मां जिंदा थी तो हालचाल तक पूछने नहीं आते थे। मौसी मेरी अक्सर मां से किसी न किसी बात पर लड़ने को उतारू हो जाती थी। उसने तहरीर लिखवाकर मुझसे हस्ताक्षर करवा लिए। बाद मैंने पुलिस को सारी सच्चाई बता दी है। वे लोग मेरे पापा व मेरे घरवालों को परेशान करने की नीयत से मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।