मौके पर पहुंची पुलिस को देख भागे युवक, तीन लोगों का शांतिभंग में चालान
बाजार से पहुंचा युवकों का झुंड, बाउंड्री के अंडर निर्माण देख चलाने लगा ईंट पत्थर
देवरिया। शहर के गोरखपुर रोड पर विवादित जमीन में निर्माण की सूचना पर पहुंचे बाजार के युवकों ने पथराव शुरू कर दिया। इससे दुकानदारों में अफरातफरी मच गई और मजदूर भाग खड़े हुए। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर युवक भाग गए। जमीन पर दावा करने वाले दुकानदार और निर्माण कराने वालों के बीच पुलिस के सामने हाथापाई हुई। पुलिस इस मामले में तीन लोगों का शांतिभंग में चालान किया है।
गोरखपुर रोड राघव नगर पूर्वी में एसएसबीएल कॉलेज और कोआपरेटिव चौराहा के बीच कृष्ण बिहारी राय की जमीन है। जमीन की बाउंड्री कराई गई है। इसी जमीन पर अपना दावा शहर के सागर सोनी भी कर रहे हैं। इसका मामला कोर्ट में लंबित है। जमीन में निर्माण के लिए नीव की खोदाई कराने की सूचना पर सागर सोनी पक्ष से 20 से अधिक युवक मौके पर पहुंचे और पथराव करने लगे। इससे आस-पास के दुकानदारों और लोगों में भगदड़ मच गई।
नीव की खुदाई में जुटे मजदूर भाग खड़े हुए। मौके पर मौजूद रुपेंद्र राय और यतेंद्र राय ने विरोध किया तो पथराव करने वाले युवकों से विवाद भी हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख अधिकांश युवक भाग निकले। पुलिस के सामने भी दोनों पक्ष के लोग भिड़ गए। पुलिस ने एक पक्ष से रुपेंद्र राय, यतेंद्र राय और दूसरे पक्ष से सागर सोनी को हिरासत में लेकर कोतवाली चली गई। शाम को तीनों लोगों का पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया। शहर के बीच अचानक पथराव और मारपीट होने से लोग सहम गए।
दोनों पक्ष एक दूसरे को गलत पुलिस के सामने ठहरा रहा है। जबकि मामला कोर्ट में लंबित है। विवाद के बाद मौके पर कानूनगो और लेखपाल भी पहुंच गए। आस-पास के लोगो से घटना की जानकारी लिए। कोतवाल वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि विवादित जमीन में निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। हिरासत में लिए गए तीन लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया।