बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह नौ बजे तक छाया रहा घना कोहरा।संवाद
- फोटो : DEORIA
सुबह कोहरे ने रोकी वाहनों की रफ्तार, ठिठुरे लोग
देवरिया। बुधवार सुबह अचानक मौसम बदल गया। करीब साढ़े नौ बजे तक घना कोहरा छाया रहा। अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पारा सामान्य से सात डिग्री नीचे करीब 14 डिग्री पर लुढ़क गया। पूरे दिन सूर्यदेव बादलों की ओट से झांकते रहे। दृश्यता पांच मीटर के करीब रही। घना कोहरा और ठंडी हवाएं चलने से कई दिनों से हो रही धूप बेअसर हो गई और लोग ठिठुरने लगे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दो-तीन दिन आसमान में बादल छाए रहने और कोहरा पड़ने की आशंका है। कई जगहों पर अलाव भी लोग तापते हुए दिखे। कुछ समय के लिए कोहरे के कारण बस और ट्रेन की रफ्तार धीमी पड़ गई। वाहन चालक दिन में भी लाइट जलाकर आते-जाते देखे गए। कोहरे के कारण रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसरा रहा।
बुधवार की भोर से ही कोहरे का असर देखने को मिला। वहीं बड़े-बूढ़े घरों में दुबके रहे। शहर में विभिन्न जगहों पर अलाव से लोग ठंड से निजात पाते दिखे। बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ कम दिखी। वैशाली, आम्रपाली, कृषक ट्रेनें करीब 30 से 45 मिनट देरी से सदर रेलवे स्टेशन पहुंचीं। जबकि घने कोहरे के कारण सड़क पर दूर तक कुछ स्पष्ट नहीं दिख रहा था। रोडवेज की बसें लाइट जलाकर आती-जाती दिखीं। यही हाल चारपहिया, दोपहिया वाहन चालकों का भी रहा। वहीं आफिसों में भी कम कर्मचारी दिखे। करीब साढ़े नौ बजे धूप निकली तो लोगों ने राहत की सांस ली।
ठिठुरते स्कूल पहुंचे छात्र
सुबह भीषण कोहरे ने सबकी दिनचर्या प्रभावित कर दी। पारा गिरने से स्कूली छात्र ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। दृश्यता कम होने की वहज से उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ा। छात्रों ने बताया कि गणतंत्र दिवस की तैयारियां विद्यालयों में चल रही हैं। ऐसे में स्कूल जाना भी जरूरी है।